|
||||||
|
पैलो आल्टो, कैलिफ़ोर्निया/ कानपुर, 20 अप्रैल 2026: आईआईटी कानपुर फाउंडेशन ने श्री दीपक राज को अपने निदेशक मंडल के नए अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए जाने की घोषणा की है। संस्थान के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से सम्मानित और अनुभवी वित्तीय विशेषज्ञ श्री दीपक राज ऐसे समय में यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जब फाउंडेशन ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है, और वे अब संस्थान के वैश्विक मिशन को आगे बढ़ाने के लिए इसकी रणनीतिक पहलों का नेतृत्व करेंगे। ![]() श्री दीपक राज वैश्विक वित्त और परमार्थ के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक का अनुभव लेकर इस भूमिका में आए हैं। राज एसोसिएट्स के संस्थापक तथा मेरिल लिंच में ग्लोबल इक्विटी रिसर्च के पूर्व निदेशक के रूप में उनका अनुभव ऐसे महत्वपूर्ण समय पर फाउंडेशन के लिए अत्यंत उपयोगी होगा, जब यह अपनी एंडोमेंट और अनुसंधान सहयोग पहलों का विस्तार करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर आईआईटी कानपुर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉराजीव कुमार रंजन ने कहा, “वैश्विक वित्त क्षेत्र में श्री दीपक राज का अनुभव और समाजसेवा के क्षेत्र में उनका मजबूत नेतृत्व—जहां उन्होंने प्रथम् यूएसए, द/नज फाउंडेशन और इंडियन-अमेरिकन इम्पैक्ट जैसे संगठनों को आगे बढ़ाया है—फाउंडेशन को मजबूत नेतृत्व देता है। इंडिया फिलान्थ्रॉपी एलायंस के साथ काम करते हुए, श्री दीपक ने अलग-अलग लोगों को एक साथ लाकर एक साझा लक्ष्य की ओर काम करने की अपनी क्षमता दिखाई है। उनकी समझदारी और अच्छे काम का अनुभव हमें अपने मिशन को तेजी से आगे बढ़ाने और फाउंडेशन को और मजबूत बनाने में मदद करेगा”। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कहा, “श्री दीपक राज कई दशकों से हमारे संस्थान के एक सशक्त और निरंतर सहयोगी रहे हैं। कक्षा से लेकर वैश्विक वित्त और सार्वजनिक सेवा के शीर्ष पदों तक उनकी यात्रा हमारे छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। ‘डिस्टिंग्विश्ड एलुमनस अवॉर्ड’ से सम्मानित श्री राज, आईआईटी कानपुर के मूल्यों को गहराई से समझते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में फाउंडेशन संस्थान की प्रगति को नई दिशा और गति देगा।” इस अवसर पर आईआईटी कानपुर फाउंडेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष, श्री दीपक राज ने कहा, “आईआईटी कानपुर ने मेरे पेशेवर जीवन की मजबूत नींव रखी है। इस भूमिका में संस्थान जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। मेरा लक्ष्य वैश्विक पूर्व छात्र समुदाय को संस्थान की महत्वाकांक्षी भविष्य दृष्टि से जोड़ना है। अत्याधुनिक अनुसंधान को समर्थन देने से लेकर अगली पीढ़ी के इंजीनियरों को सफलता के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तक, मैं फाउंडेशन को वैश्विक स्तर पर प्रभावी मंच बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ। मैं प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल, डॉ राजीव कुमार रंजन और पूरे बोर्ड के साथ मिलकर अपने प्रिय संस्थान को और सशक्त बनाने के लिए उत्सुक हूँ।” श्री दीपक राज राज एसोसिएट्स के प्रबंध निदेशक (Managing Director) हैं, जो न्यू जर्सी स्थित एक निजी निवेश फर्म है। मेरिल लिंच (1979–2003) में 24 वर्षों के अपने करियर के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर कार्य किया, जिनमें ग्लोबल इक्विटी रिसर्च के प्रमुख का पद भी शामिल है। वर्ष 2019 से वे न्यू जर्सी स्टेट इन्वेस्टमेंट काउंसिल के निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे हैं, जो 80 बिलियन डॉलर के न्यू जर्सी पेंशन फंड की देखरेख करता है। वित्त क्षेत्र के अलावा, श्री राज दक्षिण एशिया में परमार्थ के क्षेत्र में एक प्रमुख व्यक्तित्व हैं। वे इंडिया फिलान्थ्रॉपी एलायंस और प्रथम् यूएसए के चेयरमैन रह चुके हैं और द/नज फाउंडेशन के बोर्ड सदस्य हैं, जो वंचित लोगों के लिए आजीविका के समाधान उपलब्ध कराता है। वर्ष 2015 में उन्होंने अपनी पत्नी श्रीमती नीरा के साथ मिलकर कोलंबिया विश्वविद्यालय में “दीपक और नीरा राज सेंटर ऑन इंडियन इकोनॉमिक पॉलिसीज़” की स्थापना की। श्री राज ने आईआईटी कानपुर से विद्युत अभियांत्रिकी में बीटेक तथा नॉर्थईस्टर्न विश्वविद्यालय से एमबीए प्राप्त की है। आईआईटी कानपुर फाउंडेशन के बारे में आईआईटी कानपुर फाउंडेशन एक अमेरिका-स्थित लाभ-निरपेक्ष संगठन है, जो भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के समर्थन के लिए समर्पित है। यह फाउंडेशन पूर्व छात्र सहभागिता को सुदृढ़ करता है, निधि (एंडोमेंट) का प्रबंधन करता है तथा अवसंरचना विकास, संकाय अनुसंधान और छात्रवृत्तियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय सहयोग प्रदान करता है। आईआईटी कानपुर के बारे में 1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है। |
|
|||||