अपनी प्राथमिकता निर्धारित करें
फ़ॉन्ट स्केलिंग
अप्राप्ति
पृष्ठ अनुमापन
अप्राप्ति
रंग समायोजन
भा.प्रौ.सं.कानपुर

अभिव्यक्ति 2026 का समापन आईआईटी कानपुर में, भारत के डीप-टेक नवाचार परिदृश्य को मिला मजबूती

Abhivyakti-2026-Concludes

अभिव्यक्ति 2026 का समापन आईआईटी कानपुर में, भारत के डीप-टेक नवाचार परिदृश्य को मिला मजबूती

Kanpur , 23 March 2026

Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur

कानपुर, 23 मार्च 2026: आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC) ने अभिव्यक्ति 2026 का सफल आयोजन किया। यह दो दिवसीय डीप-टेक सम्मेलन था, जिसमें देश के प्रमुख स्टार्टअप्स, नीति-निर्माता, निवेशक और वैज्ञानिक शामिल हुए। कार्यक्रम का विषय “उन्नत शोध को वैश्विक समाधानों में बदलना” था। इस आयोजन ने भारत के इनोवेशन इकोसिस्टम में आईआईटी कानपुर की महत्वपूर्ण भूमिका को और मजबूत किया।

इस सम्मेलन में 150 से अधिक स्टार्टअप्स ने भाग लिया। ये स्टार्टअप्स AI/ML, मेडटेक, क्लीनटेक, रक्षा एवं एयरोस्पेस, साइबर सुरक्षा, फिनटेक, IoT और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों से जुड़े थे। निवेशकों और विशेषज्ञों की मौजूदगी ने आईआईटी कानपुर को सहयोग, मार्गदर्शन और निवेश के लिए एक सक्रिय मंच बना दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन श्री के. विजयेंद्र पांडियन (IAS), आयुक्त, कानपुर एवं कुलपति, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, तथा श्री विनय कुमार पाठक, कुलपति, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर ने किया।

अभिव्यक्ति 2026 में “वैली ऑफ डेथ” यानी शोध और बाजार के बीच की दूरी को कम करने पर खास ध्यान दिया गया। विशेषज्ञों ने शुरुआती तकनीकों के जोखिम को कम करने, फंडिंग बढ़ाने और स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। मेडटेक में नियमों से जुड़ी चुनौतियां, शोध को उत्पाद में बदलने की प्रक्रिया और CSR के माध्यम से फंडिंग जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

दूसरे दिन कार्यक्रम में नए बैच लॉन्च, MoU साइनिंग और वर्कशॉप्स आयोजित की गईं। स्टार्टअप्स को वैश्विक स्तर पर तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं द्वारा संचालित एक विशेष पैनल ने डीप-टेक में उनकी भूमिका और भागीदारी को भी उजागर किया।

अभिव्यक्ति 2026 की मुख्य आकर्षणों में से एक पिच बैटल रहा, जिसमें स्टार्टअप्स ने अपने नवाचारों को एक प्रतिष्ठित जूरी के सामने प्रस्तुत किया। एथ्रोन एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, इसके बाद गोफ्लोट टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड और सिमैक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

औपचारिक सत्रों के अलावा, इस कार्यक्रम में प्रदर्शनी और नेटवर्किंग के जरिए स्टार्टअप्स और निवेशकों के बीच सीधी बातचीत हुई। इससे फंडिंग, साझेदारी और मार्गदर्शन के नए अवसर बने।

अभिव्यक्ति 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं थी, बल्कि यह स्टार्टअप्स को तेजी से आगे बढ़ाने और पूरे इकोसिस्टम को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इसने SIIC की उस प्रतिबद्धता को दिखाया, जिसमें वह स्टार्टअप्स को शोध से बाजार और वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में मदद करता है।

एसआईआईसी, आईआईटी कानपुर के बारे में

साल 2000 में स्थापित SIIC, आईआईटी कानपुर का एक प्रमुख इनक्यूबेशन सेंटर है, जिसे 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। यह 500 से अधिक स्टार्टअप्स को समर्थन देता है और रक्षा, एयरोस्पेस, फिनटेक, हेल्थकेयर और सस्टेनेबिलिटी जैसे क्षेत्रों में काम करता है। यह FIRST (Foundation for Research & Innovation in Science & Technology) के अंतर्गत संचालित होता है।

आईआईटी कानपुर के बारे में

1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है।