अपनी प्राथमिकता निर्धारित करें
फ़ॉन्ट स्केलिंग
अप्राप्ति
पृष्ठ अनुमापन
अप्राप्ति
रंग समायोजन
भा.प्रौ.सं.कानपुर

आईआईटी कानपुर में 20-21 मार्च को आयोजित होगा अभिव्यक्ति 2026 – भारत का प्रमुख डीप-टेक स्टार्टअप शोकेस

Abhivyakti-26

आईआईटी कानपुर में 20-21 मार्च को आयोजित होगा अभिव्यक्ति 2026 – भारत का प्रमुख डीप-टेक स्टार्टअप शोकेस

Kanpur , 16 March 2026

Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur

कानपुर 16 मार्च 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर 20-21 मार्च 2026 को अपने परिसर में अभिव्यक्ति 2026 का आयोजन करेगा। यह प्रमुख स्टार्टअप शोकेस स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर से 150 से अधिक नवाचारी स्टार्टअप के साथ निवेशक, मेंटर्स, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के अग्रणी लोग शामिल होंगे।

"उन्नत शोध से वैश्विक समाधान तक" थीम पर आधारित यह दो दिवसीय कार्यक्रम प्रयोगशालाओं में विकसित अनुसंधान आधारित नवाचारों को मार्केट तक पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटलिस्ट्स, उद्योग जगत, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

एसआईआईसी (SIIC), आईआईटी कानपुर द्वारा हर वर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम भारत के सबसे पुराने और बड़े टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटरों में से एक के अनुभव को दर्शाता है। 25 से अधिक वर्षों के अनुभव और 500 से अधिक स्टार्टअप्स के पोर्टफोलियो के साथ एसआईआईसी (SIIC), ने अभिव्यक्ति को डीप-टेक नवाचारों को प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित किया है। यह कार्यक्रम उभरते स्टार्टअप्स को निवेशकों से जुड़ने, रणनीतिक साझेदारियां तलाशने और उद्योग जगत के बीच अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करता है।

अभिव्यक्ति 2026 में स्टार्टअप प्रदर्शनी, विषयगत पैनल चर्चाएं, संस्थापकों के साथ संवाद, निवेशकों के साथ सहभागिता और नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्टार्टअप्स को अपनी तकनीकों को प्रदर्शित करने और नवाचार इकोसिस्टम के प्रमुख हितधारकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

स्टार्टअप्स, निवेशकों, कॉरपोरेट्स, नीति-निर्माताओं और अनुसंधान संस्थानों को एक मंच पर लाकर यह कार्यक्रम ऐसे सहयोग को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है जो तकनीक के हस्तांतरण को सक्षम बनाए और शोध आधारित नवाचारों को बड़े पैमाने पर उपयोगी समाधानों में बदलने में मदद करे।

आगामी कार्यक्रम के बारे में बोलते हुए एसआईआईसी (SIIC), आईआईटी कानपुर के सीईओ डॉ. आशुतोष अग्निहोत्रीने कहा, "अभिव्यक्ति नवाचार और उद्यमिता की उस भावना को दर्शाता है जिसे आईआईटी कानपुर लंबे समय से प्रोत्साहित करता रहा है। संस्थापकों, निवेशकों, उद्योग जगत के नेताओं और नीति-निर्माताओं को एक साथ लाकर यह मंच उभरती तकनीकों को अनुसंधान से आगे बढ़ाकर समाज पर सार्थक प्रभाव डालने का अवसर प्रदान करता है।"

अभिव्यक्ति 2026 में भाग लेने वाले स्टार्टअप्स विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिनमें कृषि प्रौद्योगिकी (AgriTech), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग (AI/ML),क्लीनटेक (CleanTech), साइबर सुरक्षा (Cybersecurity), Defence & Aerospace (रक्षा एवं एयरोस्पेस), वित्तीय प्रौद्योगिकी (FinTech), IoT एवं सेमीकंडक्टर (IoT & Semiconductors) तथा चिकित्सा प्रौद्योगिकी (MedTech) शामिल हैं। यह भारत के डीप-टेक स्टार्टअप इकोसिस्टम में उभर रहे नवाचारों की व्यापकता को दर्शाता है।

इस कार्यक्रम में वेंचर कैपिटल फर्मों, कॉरपोरेट नेताओं, सरकारी प्रतिनिधियों तथा अकादमिक और स्टार्टअप समुदाय के सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे अनुसंधान संस्थानों, उद्योग और उद्यमिता के बीच सहयोग को और मजबूत किया जा सकेगा।

एसआईआईस, आईआईटी कानपुर के बारे में

स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC), आईआईटी कानपुर की स्थापना वर्ष 2000 में हुई थी। यह भारत के सबसे शुरुआती और सबसे बड़े प्रौद्योगिकी व्यवसाय इनक्यूबेटरों में से एक है, जिसके पास 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है और वर्तमान में 500 से अधिक स्टार्टअप्स को सहयोग दे रहा है। एसआईआईसी रक्षा, एयरोस्पेस, फिनटेक, स्वास्थ्य और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देता है। यह केंद्र फाउंडेशन फॉर रिसर्च एंड इनोवेशन इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (FIRST) के अंतर्गत कार्यरत है, जो आईआईटी कानपुर द्वारा प्रोत्साहित एक गैर-लाभकारी संस्था है।

आईआईटी कानपुर के बारे में

1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है।