IIT कानपुर में दूसरी FIDE-रेटेड ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन
Kanpur , 12 October 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
कानपुर, 12 अक्टूबर 2026: पहली FIDE–रेटेड ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद आईआईटी कानपुर में दूसरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पहली प्रतियोगिता में देशभर से 336 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें छोटे बच्चों से लेकर क्लब स्तर के खिलाड़ियों और अनुभवी शतरंज खिलाड़ियों तक ने भाग लिया। पहली प्रतियोगिता की सफलता से उत्साहित आईआईटी कानपुर का शतरंज क्लब इस बार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धा का अवसर देने की तैयारी कर रहा है।
इस प्रतियोगिता का आयोजन आईआईटी कानपुर का शतरंज क्लब, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (SBI GIC) और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सहयोग से कर रहा है। इसमें देशभर के शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
एक दिवसीय टूर्नामेंट का आयोजन 25 अक्टूबर को सुबह 9:00 बजे से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी कानपुर) के न्यू स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर (SAC) स्थित योग हॉल में किया जाएगा। इसमें स्विस प्रणाली के तहत कुल नौ राउंड खेले जाएंगे। हर एक बाज़ी के लिए खिलाड़ियों को 10 मिनट मिलेंगे। इसके साथ ही हर चाल के बाद पांच सेकंड का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। प्रतियोगिता FIDE के नियमों के अनुसार आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में कुल 2.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। पहले तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 45 हज़ार, 30 हज़ार और 20 हज़ार रुपये दिए जाएंगे। 25वें स्थान तक के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार मिलेगा। अतिरिक्त पुरस्कारों के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ वरिष्ठ खिलाड़ी (50 वर्ष से अधिक आयु), शीर्ष 3 महिला खिलाड़ियों, शीर्ष 3 बाल खिलाड़ियों (10 वर्ष से कम आयु) तथा 1600–1799, 1400–1599 और अनरेटेड श्रेणियों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। टूर्नामेंट में आईआईटी कानपुर के शीर्ष 3 रेटेड खिलाड़ियों, शीर्ष 3 अनरेटेड खिलाड़ियों तथा आईआईटी कानपुर के अन्य शीर्ष 10 खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं।
युवा शतरंज खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अंडर-8, अंडर-10, अंडर-12, अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्गों में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफ़ी दी जाएगी।
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 22 अक्टूबर 2026 तक खुले रहेंगे। प्रवेश शुल्क 1,250 रुपये है, जबकि IIT कानपुर के विद्यार्थियों और संस्थान समुदाय के सदस्यों के लिए यह शुल्क 1,000 रुपये रखा गया है। ग्रैंडमास्टर (GM), महिला ग्रैंडमास्टर (WGM), इंटरनेशनल मास्टर (IM) और महिला इंटरनेशनल मास्टर (WIM) खिताब प्राप्त खिलाड़ी प्रतियोगिता में निःशुल्क भाग ले सकते हैं।
सभी प्रतिभागियों के पास 2026–27 सत्र के लिए अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (AICF) का वैध पंजीकरण होना अनिवार्य है। उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के पास उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ (UPCSA) का वैध पंजीकरण भी होना चाहिए।
पहली प्रतियोगिता की सफलता के बाद शतरंज क्लब का लक्ष्य इस आयोजन के माध्यम से अलग-अलग आयु वर्गों और अनुभव के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना है। प्रतियोगिता से युवा खिलाड़ियों और अनुभवी खिलाड़ियों, दोनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही आईआईटी कानपुर में शतरंज को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं: https://forms.gle/G49DRrE2FwwSi2xx6
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in