अपनी प्राथमिकता निर्धारित करें
फ़ॉन्ट स्केलिंग
अप्राप्ति
पृष्ठ अनुमापन
अप्राप्ति
रंग समायोजन
भा.प्रौ.सं.कानपुर

आईआईटी कानपुर और रोल्स-रॉयस की बड़ी पहल: विमान के केबिन में शोर कम करने की तकनीक पर शुरू हुआ संयुक्त शोध

Research Project on Aircraft Cabin Noise Reduction

आईआईटी कानपुर और रोल्स-रॉयस की बड़ी पहल: विमान के केबिन में शोर कम करने की तकनीक पर शुरू हुआ संयुक्त शोध

Kanpur , 25 November 2026

Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur

परियोजना के तहत आईआईटी कानपुर में इंजन के कंपन से होने वाले शोर के अध्ययन और उसे कम करने के उपायों पर शोध किया जाएगा

कानपुर, 25 नवंबर 2026: आईआईटी कानपुर और रोल्स-रॉयस ने इंजन के कंपन से होने वाले शोर ( Engine Vibration-Related Noise - EVRN) पर संयुक्त शोध परियोजना शुरू की है। इसका उद्देश्य इंजन के कंपन से विमान के केबिन में होने वाले शोर को समझना और उसे कम करने के उपायों पर काम करना है। परियोजना का शुभारंभ आईआईटी कानपुर में नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर , आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल, रोल्स-रॉयस पीएलसी के एसोसिएट फ़ेलो (रोटर डायनेमिक्स) डॉ. एंडी रिक्स, रोल्स-रॉयस के प्रोग्राम मैनेजर (फ़्यूचर डिफ़ेंस प्रोग्राम्स) श्री राघवेंद्र सरूर तथा दोनों संस्थानों के वरिष्ठ शिक्षकों और प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ।

यह परियोजना आईआईटी कानपुर और रोल्स-रॉयस के बीच उद्योग और शिक्षण संस्थानों के सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक ज़रूरी कदम है। इसके तहत इस वर्ष की शुरुआत में एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसके माध्यम से शोध, संयुक्त परियोजनाओं, इंटर्नशिप, जानकारी के आदान-प्रदान और कौशल विकास के क्षेत्रों में सहयोग का रास्ता तैयार हुआ। यह भारत में रोल्स-रॉयस और किसी शैक्षणिक संस्थान के बीच हुआ पहली साझेदारी भी है। आईआईटी कानपुर के IOTA (Interface Office for Technology Applications) कार्यालय ने दोनों संस्थानों को एक साथ लाने में अहम भूमिका निभाई। छह महीने की इस शोध परियोजना में इंजन के कंपन से विमान के केबिन में होने वाले शोर और यात्रियों के आराम पर पड़ने वाले इसके प्रभाव का अध्ययन किया जाएगा। इसके लिए विमान के ढांचे का एक मॉडल बनाया जाएगा, जो उड़ान के दौरान विमान की स्थिति को दर्शाएगा। इसमें कंपन पैदा करने वाली मशीन और आवाज़ व कंपन को मापने वाले सेंसर लगाए जाएंगे। परियोजना का पहला चरण (फेज़- 1) शुरू किया गया है। आगे इसके अन्य चरण भी शुरू किए जा सकते हैं।

इस सहयोग पर रोल्स-रॉयस इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री शशि मुकुंदन ने कहा: "रोल्स-रॉयस में शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर काम करने की हमारी पुरानी परंपरा रही है। इसके माध्यम से हम कौशल विकास को बढ़ावा देते हैं, शोध को आगे बढ़ाते हैं और नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली लोगों को तैयार करते हैं। हमें भारत में आईआईटी कानपुर के साथ साझेदारी करके खुशी हो रही है। इस तरह के सहयोग नवाचार के लिए एक मजबूत साझा व्यवस्था तैयार करने और उन्नत इंजीनियरिंग, शोध तथा विनिर्माण के क्षेत्र में भारत की महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह शोध पहल स्थानीय क्षमताओं को विकसित करने और मिलकर नए प्रयोगों को बढ़ावा देने की हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को मजबूत करती है। साथ ही, हमें इंटर्नशिप और ज्ञान साझा करने की पहलों के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक चुनौतियों पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव देकर उनके कौशल को निखारने की दिशा में काम करने पर भी गर्व है।"

आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा: "इंजन के कंपन से होने वाला शोर विमान के केबिन में यात्रियों के आराम को प्रभावित करता है। यह परियोजना इस समस्या को समझने और इसके समाधान के उपाय तलाशने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसमें गणितीय पद्धति के साथ प्रयोगों के जरिए भी अध्ययन किया जाएगा। आईआईटी कानपुर में तैयार की गई विशेष परीक्षण व्यवस्था से दोनों टीमें ऐसे भरोसेमंद नतीजे प्राप्त करने का प्रयास करेंगी, जो कंपन के फैलने और शोर कम करने के उपायों पर आगे के शोध में मददगार होंगे। रोल्स-रॉयस के साथ यह सहयोग आईआईटी कानपुर के डीप-टेक इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे संस्थान की शोध क्षमताओं को उद्योग की जरूरतों से जोड़ने और नई तकनीकों को व्यवहारिक रूप देने के अवसर मिलेंगे। साथ ही, शोध, जानकारी और अनुभव साझा करने तथा प्रतिभा विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।"

कार्यक्रम में प्रो. बिशाख भट्टाचार्य ने SMSS परियोजनाओं के क्षेत्र में आईआईटी कानपुर की योजनाओं और क्षमताओं पर प्रस्तुति दी। इसके बाद SMSS प्रयोगशाला का दौरा किया गया। टेक्नोपार्क ऑडिटोरियम में आयोजित शुभारंभ समारोह में प्रो. बिशाख भट्टाचार्य और प्रो. राजा अंगमुथु ने आईआईटी कानपुर की ओर से, जबकि श्री राघवेंद्र सरूर , डॉ. एंडी रिक्स और सुश्री श्रिया आनंद ने रोल्स-रॉयस की ओर से अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में दोनों टीमों के बीच खरीद आदेश (Purchase Order) का हस्तांतरण और परीक्षण व्यवस्था का उद्घाटन भी किया गया। इस सहयोग से आईआईटी कानपुर की शोध क्षमताओं और प्रयोगात्मक सुविधाओं को रोल्स-रॉयस की इंजीनियरिंग विशेषज्ञता के साथ जोड़कर विमान के केबिन में शोर से जुड़े शोध को आगे बढ़ाया जाएगा।

रोल्स-रॉयस होल्डिंग्स पीएलसी के बारे में

रोल्स-रॉयस एक वैश्विक इंजीनियरिंग कंपनी है, जो लोगों को ऊर्जा देने, उनकी सुरक्षा करने और उन्हें आपस में जोड़ने के लिए काम करती है। कंपनी की मौजूदगी 47 देशों में है और 100 से अधिक अन्य देशों में भी उसके ग्राहक हैं। यह विमानन, रक्षा, समुद्री और औद्योगिक क्षेत्रों को अपनी सेवाएं देती है। वर्ष 2025 में कंपनी का सालाना राजस्व 20.1 अरब पाउंड रहा। कंपनी अपनी बहुवर्षीय बदलाव योजना के माध्यम से अपनी क्षमताओं को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

आईआईटी कानपुर के बारे में

1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 21 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 580 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।

अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in