आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप ‘फूल’ ने वैश्विक मंच पर बढ़ाया भारत का मान
Kanpur , 18 November 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
कानपुर, 18 नवंबर 2026: मंदिरों में चढ़ाए गए और बाद में फेंक दिए जाने वाले फूलों से उपयोगी और पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद बनाने की एक अनूठी पहल ने कानपुर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। आईआईटी कानपुर में विकसित स्टार्टअप ‘फूल’ (Phool) को 16 नवंबर को मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज़ इम्पैक्ट असेंबली में ख़ास पहचान मिली। इस अवसर पर स्टार्टअप के सह-संस्थापक और सीईओ अंकित अग्रवाल ने विशेष संबोधन दिया और स्टार्टअप की यात्रा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इसके बढ़ते योगदान के बारे में बताया। यह पहला अवसर था, जब प्रिंस विलियम द्वारा वर्ष 2020 में शुरू किया गया ‘द अर्थशॉट प्राइज़’ भारत पहुंचा। इस पहल के संस्थापक और अध्यक्ष प्रिंस विलियम 16 से 18 नवंबर तक मुंबई के दौरे पर हैं। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का समापन 17 नवंबर को छठे अर्थशॉट प्राइज़ पुरस्कार समारोह के साथ हुआ।
‘फूल’ का प्रमुख नवाचार ‘फ़्लैदर’(Fleather) है, जो मंदिरों से निकलने वाले फूलों के अपशिष्ट से तैयार किया जाने वाला एक अभिनव, पर्यावरण-अनुकूल चमड़ा है। इसकी विशेषता यह है कि इसे बनाने में न तो पशुओं की खाल का उपयोग होता है और न ही प्लास्टिक का। फ़्लैदर दिखने और उपयोगिता के लिहाज़ से पारंपरिक चमड़े के समान है, लेकिन यह पूरी तरह वनस्पति-आधारित विकल्प है। वर्ष 2022 में फ़्लैदर को प्रतिष्ठित अर्थशॉट प्राइज़ की ‘Build a Waste-Free World’ श्रेणी में फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया था। इस उपलब्धि ने न केवल ‘फूल’ के नवाचार को वैश्विक पहचान दिलाई, बल्कि अपशिष्ट प्रबंधन और टिकाऊ उत्पादों के विकास के क्षेत्र में स्टार्टअप की संभावनाओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया।
अर्थशॉट प्राइज़ के अंतिम चरण में पहुंचने के बाद से ‘फूल’ ने अपने काम का विस्तार किया है। अब यह देश के पांच बड़े मंदिरों वाले शहरों में फूलों के अपशिष्ट को दोबारा उपयोगी उत्पादों में बदलने का काम कर रहा है। इस दौरान फूलों के अपशिष्ट के पुनर्चक्रण की मात्रा भी दोगुनी हो गई है। स्टार्टअप की पांच इकाइयों में अब 600 से अधिक महिलाएं काम कर रही हैं। इनमें ऐसी महिलाएं भी शामिल हैं, जिनके समुदाय पहले हाथ से मैला ढोने के काम से जुड़े थे। इस तरह यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर रही है।
इस वैश्विक मंच पर ‘फूल’ की यात्रा प्रस्तुत करने के अवसर पर स्टार्टअप के सह-संस्थापक और सीईओ अंकित अग्रवाल ने कहा, "फूल की शुरुआत उन फूलों से हुई, जिन्हें कोई नहीं चाहता था और उन महिलाओं से, जिन्हें कोई काम देने को तैयार नहीं था। आज अपने ही देश में अर्थशॉट के मंच पर खड़े होकर यह दिखाना कि इन दोनों ने कितना लंबा सफ़र तय किया है, ‘फूल’ से जुड़े हर व्यक्ति और पूरे कानपुर के लिए सम्मान की बात है।"
फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (FIRST), आईआईटी कानपुर के सीईओ डॉ. आशुतोष अग्निहोत्री ने इस अवसर पर कहा, “फूल (Phool) इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि भारत सतत सामग्री विज्ञान और जैव-आधारित नवाचारों के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करने की क्षमता रखता है। यह पहल मंदिरों से निकलने वाले फूलों के अपशिष्ट को फ़्लैदर जैसे अभिनव जैव-आधारित पदार्थ में परिवर्तित कर अपशिष्ट प्रबंधन की चुनौती को एक नए अवसर में बदल रही है। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय अर्थशॉट प्राइज़ में मिली पहचान इस बात का प्रमाण है कि भारत न केवल स्थानीय और पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रभावी समाधान विकसित कर रहा है, बल्कि अपने नवाचारों के माध्यम से वैश्विक स्तर पर सतत विकास की नई संभावनाओं के द्वार भी खोल रहा है।”
अर्थशॉट प्राइज़ इम्पैक्ट असेंबली में इस पुरस्कार के अंतिम चरण तक पहुंचे प्रतिभागी, विजेता, परोपकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी और कारोबारी जगत के प्रमुख लोग एक साथ आते हैं। इसका उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए आपसी सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देना है। इनमें प्रकृति का संरक्षण, स्वच्छ हवा, समुद्रों की सुरक्षा, कचरे में कमी और जलवायु परिवर्तन से निपटने जैसे विषय शामिल हैं। इस पहल के तहत वर्ष 2030 तक पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए पांच प्रमुख लक्ष्यों पर काम किया जा रहा है।
भारत में किसी भी अन्य देश की तुलना में अर्थशॉट प्राइज़ के लिए सबसे अधिक प्रतिभागी अंतिम चरण तक पहुंचे हैं और विजेता बने हैं। इनमें भारत के चार विजेता शामिल हैं। इस पुरस्कार के 75 अंतिम प्रतिभागियों द्वारा विकसित समाधानों का विस्तार अब 107 देशों तक हो चुका है। इन प्रयासों के लिए 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश और परोपकारी संस्थाओं से आर्थिक सहयोग भी प्राप्त हुआ है। इसके अलावा, पर्यावरण से जुड़ी नई पहलों को प्रोत्साहित करने के लिए इस पुरस्कार के तहत *25 मिलियन पाउंड की अनुदान राशि*भी दी गई है।
इस वर्ष अंतिम चरण के 15 प्रतिभागियों के चयन के लिए 169 देशों से लगभग 7,000 नामांकन प्राप्त हुए थे। इससे इस पहल का बढ़ता वैश्विक प्रभाव स्पष्ट होता है। इससे पहले जून में लंदन में आयोजित इम्पैक्ट असेंबली में ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज़ ने समुद्रों के संरक्षण के लिए 260 मिलियन अमेरिकी डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई थी। वहीं, मुंबई में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत, अफ्रीका, एशिया-प्रशांत और लैटिन अमेरिका के 130 युवा जलवायु नेताओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों पर विचार साझा करने और मिलकर काम करने का अवसर मिला।
फूल (Phool) के बारे में
वर्ष 2017 में अंकित अग्रवाल और प्रतीक कुमार द्वारा स्थापित ‘फूल’ आईआईटी कानपुर में विकसित एक स्टार्टअप है। यह मंदिरों से निकलने वाले बेकार फूलों को प्राकृतिक अगरबत्ती, घरों को सुगंधित बनाने वाले उत्पादों और जैव-आधारित सामग्रियों में बदलता है। इसका प्रमुख उत्पाद ‘फ़्लैदर’ मंदिरों के फूलों के अपशिष्ट से तैयार किया जाने वाला वेगन चमड़ा है। स्टार्टअप की पांच इकाइयों में 600 से अधिक महिलाएं काम कर रही हैं। इसके माध्यम से वंचित समुदायों की महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 21 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 580 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in