आईआईटी कानपुर ओपन डे 2026: विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को समाज के करीब लाने की पहल
Kanpur , 26 November 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
कानपुर, 26 अक्टूबर, 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी कानपुर) शनिवार, 28 नवंबर, 2026 को ओपन डे 2026 का आयोजन करेगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, पेशेवरों और विज्ञान में रुचि रखने वाले सभी लोगों को संस्थान के अनुसंधान, वैज्ञानिक खोजों और तकनीकी नवाचारों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
यह आयोजन आईआईटी कानपुर परिसर स्थित टाइप-II कम्युनिटी सेंटर में सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से आईआईटी कानपुर का उद्देश्य विज्ञान को आम लोगों के करीब लाना, युवा विद्यार्थियों में जिज्ञासा जगाना और यह दिखाना है कि अनुसंधान और नवाचार किस तरह वास्तविक जीवन की समस्याओं को हल करने में मदद कर सकते हैं।
ओपन डे के दौरान संस्थान के विभिन्न शैक्षणिक विभाग और शोध केंद्र अपने कार्यों एवं उपलब्धियों को इंटरैक्टिव प्रदर्शनों, लाइव डेमोंस्ट्रेशन, शोध मॉडलों और तकनीकी प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। आगंतुकों को कंप्यूटिंग, ऊर्जा, मेडिकल टेक्नोलॉजी (MedTech), अंतरिक्ष, सतत विकास, मानवरहित हवाई यान (UAVs/ड्रोन), रोबोटिक्स, फ्लेक्सिबल मटेरियल और इंजीनियरिंग के अन्य क्षेत्रों में हो रहे विकास एवं शोध कार्यों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही, वे संस्थान के शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सकेंगे तथा इन क्षेत्रों को नई दिशा देने वाले विचारों और तकनीकों के बारे में भी जान सकेंगे।
चाहे आप भविष्य में पढ़ाई के विकल्प तलाश रहे विद्यार्थी हों, बच्चों में जिज्ञासा बढ़ाने वाले अभिभावक या शिक्षक हों, नए विचारों की तलाश में शोधकर्ता हों या उभरती तकनीकों में रुचि रखने वाले पेशेवर हों, आईआईटी कानपुर का ओपन डे सभी के लिए एक खास अवसर होगा। इस आयोजन के माध्यम से संस्थान का उद्देश्य समाज में विज्ञान के प्रति समझ और रुचि बढ़ाना, नई पीढ़ी को नवाचार के लिए प्रेरित करना और अनुसंधान को समाज से जोड़ना है।
इस पहल के बारे में आईआईटी कानपुर के निदेशक, प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कहा, “आईआईटी कानपुर का शैक्षणिक एवं बौद्धिक परिवेश ऐसे टेक्नोलॉजिस्ट तैयार करने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है, जो समाज की जटिल चुनौतियों के समाधान में सहयोग करें। ओपन डे 2026, जिज्ञासु एवं नवोन्मेषी सोच रखने वाले युवाओं को हमारे सशक्त नवाचार परिवेश को प्रत्यक्ष रूप से जानने और अनुभव करने का आमंत्रण है।“
ओपन डे में प्रवेश निःशुल्क है। व्यक्तिगत रूप से आने वाले आगंतुक पहले से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं या आयोजन के दिन कार्यक्रम स्थल पर भी पंजीकरण कर सकते हैं। स्कूलों और समूहों के लिए 26 नवंबर से पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 21 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 580 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in