आईआईटी कानपुर ने साइबर सुरक्षा में नया स्नातक कार्यक्रम शुरू किया
Kanpur , 11 June 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
कानपुर, 11 जून 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर, जुलाई 2026 से बैचलर ऑफ साइबर सिक्योरिटी (B.Cyber.) नामक नया स्नातक कार्यक्रम शुरू कर रहा है। इस कोर्स में प्रवेश के लिए पहले जेईई मेन के अंकों और साइबर सुरक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर प्रारंभिक छंटनी की जाएगी। इसके बाद कैंपस में एक व्यक्तिगत परीक्षा होगी, जिसमएक हैकाथॉन भी शामिल होगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कहा कि साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण होती जा रही है। भविष्य में युद्ध केवल भौतिक दुनिया में ही नहीं, बल्कि साइबर स्पेस में भी लड़े जाएंगे। देश की महत्वपूर्ण संरचनाओं को साइबर हमलों से सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए संस्थान यह नया कार्यक्रम शुरू कर रहा है।
इस कार्यक्रम के छात्र पहले दो वर्ष संस्थान में रहकर साइबर सुरक्षा के मजबूत सैद्धांतिक ज्ञान के लिए कठोर अध्ययन करेंगे। इसके साथ-साथ वे प्रयोगशाला में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त करेंगे। इसके बाद दो वर्ष की इंटर्नशिप विभिन्न सरकारी सुरक्षा संगठनों में होगी, जहां छात्र वास्तविक साइबर सुरक्षा चुनौतियों पर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में प्रवेश जेईई एडवांस से नहीं होगा, बल्कि जेईई मेन के प्रदर्शन और पूर्व कार्य के आधार पर चयन के बाद एक टेस्ट और हैकाथॉन के माध्यम से होगा।
इस कार्यक्रम को संस्थान के वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स द्वारा संचालित किया जाएगा। इस संदर्भ में स्कूल के डीन प्रो. नितिन सक्सेना ने कहा: “साइबर सुरक्षा एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्राथमिकता है और दुनिया भर में तेजी से बढ़ता हुआ क्षेत्र है। यह कार्यक्रम मजबूत शैक्षणिक आधार और वास्तविक अनुभव के अनोखे संयोजन के माध्यम से अत्यधिक कुशल पेशेवर तैयार करने के लिए डिजाइन किया गया है।”
संस्थान इस कार्यक्रम के लिए एक समर्पित वेबपेज लॉन्च करने की प्रक्रिया में है, जिसके अगले सप्ताह तक लाइव होने की उम्मीद है। कार्यक्रम और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी इस वेबपेज पर उपलब्ध होगी।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें: www.iitk.ac.in