आईआईटी कानपुर ने SCALE-Transcend का शुभारंभ किया, शोध को बाजार तक पहुंचाने की दिशा में नई पहल
Kanpur , 5 October 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
पहले 10 सप्ताह के कार्यक्रम के लिए छह प्रोफ़ेसरों द्वारा नेतृत्व की जाने वाली टीमों का चयन; उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, संस्थागत वित्तीय सहायता और निवेशकों से जुड़ने का सुनहरा मौका
कानपुर, 5 अक्टूबर, 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर ने स्केल-ट्रांसेंड की शुरुआत कर दी है। यह पहल प्रोफ़ेसरों द्वारा किए जा रहे शोध को प्रयोगशाला से आगे ले जाकर वास्तविक दुनिया में इसके व्यावसायिक उपयोग तक पहुंचाने में मदद करेगी। 10 सप्ताह के इस कार्यक्रम में छह प्रोफ़ेसरों द्वारा नेतृत्व की जाने वाली टीमों का चयन किया गया है।
SCALE-Transcend का उद्देश्य गहन-तकनीकी शोध को ऐसे उपयोगी और बड़े स्तर पर अपनाए जा सकने वाले समाधानों में बदलने में मदद करना है, जिन्हें बाजार तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम में प्रत्येक टीम को एक-से-एक उद्योग विशेषज्ञ का मार्गदर्शन, संस्थागत वित्तीय सहायता और निवेशकों से जुड़ने का अवसर दिया जा रहा है। आईआईटी कानपुर में इन तीनों को एक साथ उपलब्ध कराने वाला यह अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है।
उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के माध्यम से टीमों को ग्राहकों की ज़रूरत समझने, बाज़ार में इसकी जरूरत समझने, व्यावसायिक रणनीति बनाने और शोध को व्यावसायिक रूप देने में सहायता मिलेगी। संस्थान प्रत्येक टीम को तकनीक के विकास और उसे बाजार तक पहुंचाने के लिए वित्तीय सहायता भी दे रहा है।
पहले बैच की टीमों का शोध तापमान-संवेदनशील स्मार्ट पेंट, लीगल-टेक एआई एजेंट, कम्प्यूटेशनल फ़्लूड डायनेमिक्स, ऊर्जा-कुशल एज इंटेलिजेंस, सल्फ़र आधारित बैटरी और मेडिकल-ग्रेड न्यूरोस्टिमुलेशन उपकरणों से जुड़ा है।
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल, ने कहा, “आईआईटी कानपुर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अत्याधुनिक शोध प्रयोगशालाओं तक सीमित न रह कर ऐसे समाधानों में बदले जो देश के विकास में योगदान दें। SCALE-Transcend हमारे फ़ैकल्टी इनोवेटर्स को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण कदम है।”
Dhanavritti LLP के मैनेजिंग पार्टनर और SCALE-Transcend के आर्किटेक्ट श्री अनुराग सिंह ने कहा, “बेहतरीन शोध अपने आप में बेहतरीन कंपनियां नहीं बनाता। फ़ैकल्टी इनोवेटर्स को पूंजी के साथ ऐसे लोगों के अनुभव की भी जरूरत होती है, जिन्होंने पहले उद्यम खड़े किए और उन्हें बड़े स्तर तक पहुंचाया हो। SCALE-Transcend का उद्देश्य प्रत्येक टीम को वित्तीय सहायता और व्यावहारिक अनुभव का यह संयोजन उपलब्ध कराना है।”
SCALE-Transcend, आईआईटी कानपुर के उद्यम विकास मंच स्ट्रैटेजिक कैपिटल एंड एडवाइज़री फ़ॉर लॉन्च एंड एक्सपैंशन (SCALE) की एक पहल है। इसका उद्देश्य प्रोफ़ेसरों के नेतृत्व में किए जा रहे शोध को व्यावसायिक रूप देने में मदद करना है। इसके लिए यह व्यावसायिक मार्गदर्शन, उद्योग विशेषज्ञता और संस्थागत वित्तीय सहायता को एक साथ लाता है।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in