आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में स्थापित होगा भारत का पहला डीप टेक हब; फिजिकल एआई, क्वांटम, चिप, मेडटेक और डिफेंस टेक स्टार्टअप्स पर होगा विशेष ध्यान
Noida , 20 November 2026
Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur
~ पूरी तरह राज्य सरकार की आर्थिक सहायता से संचालित होने वाले इस हब की अध्यक्षता आईआईटी कानपुर के निदेशक करेंगे। इसका निर्माण 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इसका उद्देश्य भारत में विकसित डीप टेक अनुसंधान को ऐसी तकनीकों में बदलना है, जिन पर भारत का अपना स्वामित्व हो।
नोएडा, 20 नवंबर, 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के नोएडा परिसर में देश का पहला डीप टेक हब स्थापित किया जाएगा। इस सुविधा का निर्माण ₹281.03 करोड़ की लागत से किया जाएगा। यू-हब (U-Hub) का दूसरा भवन आईआईआईटी लखनऊ परिसर में स्थापित होगा। दोनों केंद्रों का निर्माण 24 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे उत्तर प्रदेश को अपने प्रमुख डीप टेक हब के लिए एक समर्पित केंद्र मिलेगा और देश की रणनीतिक आत्मनिर्भरता निर्धारित करने वाली तकनीकों के क्षेत्र में कंपनियों के विकास के राज्य के प्रयासों में आईआईटी कानपुर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
नोएडा स्थित यू-हब में फिजिकल एआई और रोबोटिक्स, स्वचालित तकनीक एवं प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर डिजाइन और ओएसएटी (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट), उन्नत मेडटेक एवं बायोटेक, क्वांटम और उन्नत कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य अत्यंत विशिष्ट प्रयोगशाला अनुसंधान को ऐसे उत्पादों और कंपनियों में परिवर्तित करना है, जो नए अवसर पैदा करके देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद कर सके। यह हब वर्ष 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में योगदान देने के लिए तैयार किया गया है।
यह केंद्र शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत को साझा प्रयोगशालाओं, डिजाइन, परीक्षण, प्रोटोटाइप निर्माण और प्रमाणन सुविधाओं के साथ-साथ कौशल विकास केंद्रों, इनक्यूबेशन और एक्सेलरेशन कार्यक्रमों तक पहुंच उपलब्ध कराएगा। इसके माध्यम से बौद्धिक संपदा (आईपी) संरक्षण, दीर्घकालिक निवेश पूंजी (पेशेंट कैपिटल), संस्थापकों को निवेशकों और मार्गदर्शकों से जोड़ने, पायलट परियोजनाओं के क्रियान्वयन तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने सहित अनुसंधान के व्यावसायीकरण में सहायता प्रदान की जाएगी।
पूर्ण क्षमता के साथ यू-हब का लक्ष्य अपने निर्धारित क्षेत्रों में 40–50 स्टार्टअप्स को इनक्यूबेट करना है। स्टार्टअप्स का चयन उनकी विशिष्ट बौद्धिक संपदा (पेटेंट), प्रयोगशाला अनुसंधान और प्रोटोटाइप निर्माण के क्षेत्र में उनके अनुभव तथा बाहरी वैज्ञानिक या नियामकीय मान्यता के आधार पर किया जाएगा। इन सभी पहलुओं का मूल्यांकन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों की एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा।
डीप टेक यू-हब को कंपनी अधिनियम, 2013 के अंतर्गत एक स्वतंत्र पंजीकृत धारा 8 (गैर-लाभकारी) कंपनी के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसका संचालन उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अंतर्गत यूपी स्टार्टअप मिशन के माध्यम से किया जाएगा। इसके 11 सदस्यीय बोर्ड की अध्यक्षता आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल करेंगे। बोर्ड में सरकार, शिक्षा जगत, उद्योग, वेंचर कैपिटल और वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
“आईआईटी कानपुर स्वयं को एक नई दिशा में आगे बढ़ा रहा है। हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसा केंद्र बनना है, जहां भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता का निर्माण हो। यह स्पष्ट है कि महत्वपूर्ण तकनीकों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना कारगर नहीं है। अपने हालिया ‘ग्रेटर दैन अस’ अभियान के माध्यम से हमने उन क्षेत्रों की पहचान की है, जो देश के लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं। हमारे पास पहले से मौजूद ज्ञान और विशेषज्ञता इस यू-हब में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हमारा लक्ष्य स्टार्टअप्स को प्रौद्योगिकी की तैयारी के स्तर से आगे बढ़ाकर ऐसे समाधानों के विकास तक पहुंचाना है, जो राष्ट्र की आवश्यकताओं को पूरा करें। साथ ही, देश और राज्य की प्रतिभाओं को यहीं अपना भविष्य बनाने के लिए एक बेहतर अवसर प्रदान करना है।” प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल , निदेशक, आईआईटी कानपुर एवं डीप टेक यू-हब के अध्यक्ष ने कहा।
यू-हब देश का पहला डीप टेक हब होगा, जिसका कुल क्षेत्रफल 7 लाख वर्ग फुट होगा। इसमें नोएडा में 5 लाख वर्ग फुट और लखनऊ में 2 लाख वर्ग फुट का क्षेत्र शामिल होगा। पारंपरिक स्टार्टअप इनक्यूबेटर से अलग, यह हब बड़ी संख्या में कम अवधि वाले उद्यमों के बजाय पेटेंट-आधारित वैज्ञानिक नवाचारों, दीर्घकालिक अनुसंधान एवं विकास (R&D) और दीर्घकालिक निवेश पूंजी पर ध्यान केंद्रित करेगा। भारत सरकार के मानदंडों के अनुसार, पारंपरिक स्टार्टअप्स को एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) के रूप में वर्गीकृत होने से पहले 10 वर्षों की अवधि मिलती है, जबकि डीप टेक स्टार्टअप्स को उनके विस्तारित अनुसंधान एवं विकास तथा नियामकीय प्रक्रियाओं के कारण 20 वर्षों का जीवनचक्र प्रदान किया जाता है। इन स्टार्टअप्स में पूंजी की आवश्यकता काफी अधिक होती है और निवेश पर प्रतिफल की अवधि भी सात से आठ वर्षों से अधिक हो सकती है।
“अक्सर अच्छा शोध शुरुआती मॉडल (प्रोटोटाइप) तैयार होने के बाद भी एक सफल व्यवसाय या कंपनी का रूप नहीं ले पाता। डीप टेक यू-हब की परिकल्पना इसी अंतर को दूर करने के लिए की गई है। इसके अंतर्गत विश्वस्तरीय सुविधाओं, उद्योग जगत के भागीदारों और निवेशकों को एक सशक्त एवं साझा मंच के रूप में शोधकर्ताओं के साथ शुरुआत से ही जोड़ा जाएगा। यू-हब से जुड़े संस्थापकों के लिए इसका अर्थ होगा कि गहन अनुसंधान, ज्ञान और कौशल विकास के माध्यम से विकसित डीप टेक नवाचारों को व्यावसायिक रूप से सफल उत्पादों में बदलने की प्रक्रिया अधिक सुगम और कम समय लेने वाली होगी। वहीं, इस क्षेत्र के लिए यह ऐसी कंपनियों के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा, जो अपनी स्वदेशी तकनीकों के दम पर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें और संपदा सृजन करने वाले इकोसिस्टम को मजबूत बना सकें। हम एक मजबूत डीप टेक इकोसिस्टम के निर्माण और स्वदेशी नवाचारों को प्रोत्साहन देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।” प्रो. दीपू फिलिप, परियोजना निदेशक, यू-हब ने।
आईआईटी कानपुर और आईआईआईटी लखनऊ की विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए ये दोनों केंद्र उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप्स को तकनीकी विशेषज्ञता, मार्गदर्शन, निवेश के अवसर और संपर्क तथा उद्योग एवं अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों तक पहुंच उपलब्ध कराएंगे। इसके साथ ही, राज्य की डीप टेक क्षमताओं को मजबूत करने और प्रौद्योगिकी आधारित आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
आईआईटी कानपुर के बारे में
1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 21 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 580 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।
अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in