अपनी प्राथमिकता निर्धारित करें
फ़ॉन्ट स्केलिंग
अप्राप्ति
पृष्ठ अनुमापन
अप्राप्ति
रंग समायोजन
भा.प्रौ.सं.कानपुर
  • मुख्य पृष्ठ
  • प्रेस विज्ञप्ति
  • आईआईटी कानपुर ने बिजनेस एनालिटिक्स के लिए एडवांस्ड डेटा साइंस और मशीन लर्निंग पर ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया

आईआईटी कानपुर ने बिजनेस एनालिटिक्स के लिए एडवांस्ड डेटा साइंस और मशीन लर्निंग पर ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया

default image

आईआईटी कानपुर ने बिजनेस एनालिटिक्स के लिए एडवांस्ड डेटा साइंस और मशीन लर्निंग पर ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया

Kanpur , 31 July 2026

Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur

कानपुर, 31 जुलाई, 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने "एडवांस्ड डेटा साइंस एंड मशीन लर्निंग फॉर बिजनेस एनालिटिक्स" नामक छह माह का ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है। यह कार्यक्रम 3 अक्टूबर, 2026 से शुरू होगा। इसका उद्देश्य कार्यरत पेशेवरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML) और बिजनेस एनालिटिक्स से जुड़ी उपयोगी और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करना है, ताकि वे डेटा आधारित तकनीकों का उपयोग करके बेहतर व्यावसायिक निर्णय ले सकें।

आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) वित्त, मार्केटिंग, कंसल्टिंग, संचालन, उत्पाद प्रबंधन और बिजनेस एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव ला रहे हैं। ऐसे में डेटा एनालिटिक्स और मशीन लर्निंग की समझ रखने वाले पेशेवर संगठनों में नवाचार और बेहतर निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

आईआईटी और आईआईएम के विशेषज्ञ शिक्षकों के सहयोग से तैयार किए गए इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पायथन और आर प्रोग्रामिंग, डेटा विश्लेषण, डेटा विजुअलाइजेशन, मशीन लर्निंग और जनरेटिव एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से प्रतिभागी वास्तविक व्यावसायिक समस्याओं को हल करने, नियमित कार्यों को स्वचालित बनाने और संस्थानों के लिए उपयोगी जानकारियां विकसित करने का अनुभव प्राप्त करेंगे।

इस कार्यक्रम के बारे में बोलते हुए, आईआईटी कानपुर के प्रबंधन विज्ञान विभाग के संकाय सदस्य और कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अभिनव त्रिपाठी ने कहा, “आज के तेजी से बदलते पेशेवर माहौल में एआई और मशीन लर्निंग से जुड़ी क्षमताएं अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई हैं। युवा पेशेवरों को अपने विषयगत ज्ञान के साथ इन नई तकनीकों की समझ भी विकसित करनी चाहिए, ताकि वे डेटा आधारित समाधान तैयार कर सकें और संस्थानों में बदलाव का नेतृत्व कर सकें। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को एआई, मशीन लर्निंग और बिजनेस एनालिटिक्स का व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुखी ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जिससे वे वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।”

यह कार्यक्रम किसी भी विषय में स्नातक डिग्री प्राप्त उम्मीदवारों के लिए खुला है, जिनके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक हों। वहीं, जिन उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में तीन या अधिक वर्षों का कार्य अनुभव है, वे न्यूनतम 40 प्रतिशत अंकों के साथ भी आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन सितंबर 2026 के मध्य तक खुले रहेंगे।

कार्यक्रम की पाठ्यक्रम संरचना, पात्रता, शुल्क, आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियों से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आईआईटी कानपुर ऑनलाइन कार्यक्रम पोर्टल पर जाएं।

आईआईटी कानपुर के बारे में

1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 21 विभाग, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम, 27 केंद्र और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 590 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता में अग्रणी बना हुआ है।

अधिक जानकारी के लिए विजिट करें: www.iitk.ac.in