अपनी प्राथमिकता निर्धारित करें
फ़ॉन्ट स्केलिंग
अप्राप्ति
पृष्ठ अनुमापन
अप्राप्ति
रंग समायोजन
भा.प्रौ.सं.कानपुर

आईआईटी कानपुर में 9 से 11 अक्टूबर तक होगा उद्घोष के 22वें संस्करण का आयोजन

default image

आईआईटी कानपुर में 9 से 11 अक्टूबर तक होगा उद्घोष के 22वें संस्करण का आयोजन

Kanpur , 7 October 2026

Source: Information and Media Outreach Cell, IIT Kanpur

उद्घोष’ 26 की थीम “Arcana Ascension”, 20 खेलों और ई-स्पोर्ट्स के साथ एक लंबे अंतराल के बाद एक्वेटिक्स की वापसी तथा विस्तृत प्री-फेस्ट एवं मनोरंजन कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होगा।

कानपुर, 07 अक्टूबर 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर में संस्थान के वार्षिक प्रमुख खेल महोत्सव उद्घोष के 22वें संस्करण का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में देशभर के विभिन्न संस्थानों से खिलाड़ी और प्रतिभागी शामिल होंगे। महोत्सव में प्रतिस्पर्धी खेलों, ई-स्पोर्ट्स, मनोरंजन तथा सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

उद्घोष’26 की थीम “Arcana Ascension” है, जो एक खिलाड़ी की चुनौतीपूर्ण शुरुआत से विजेता बनने तक की यात्रा को दर्शाती है। यह थीम तैयारी, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा, चुनौतियों, असफलताओं और निरंतर प्रयास के माध्यम से खिलाड़ी की क्षमता के विकास तथा बेहतर प्रदर्शन और उपलब्धि की ओर उसकी प्रगति को दर्शाती है।

उदघोष’26 में ई-स्पोर्ट्स के साथ 20 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस संस्करण में लंबे अंतराल के बाद एक्वेटिक्स प्रतियोगिताओं की वापसी भी होगी। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, लॉन टेनिस, स्क्वैश, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, अल्टीमेट फ्रिस्बी, वॉलीबॉल, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और मिस्टर उद्घोष सहित ई-स्पोर्ट्स कार्यक्रम शामिल हैं।

मुख्य महोत्सव से पहले उद्घोष’26 के तहत खेल, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें विश्व खेल पत्रकार दिवस के अवसर पर खेल पत्रकार रिधिमा पाठक के साथ लाइव सत्र, अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर ग्रैंडमास्टर आकाश गणेशन के साथ ऑनलाइन सत्र, लगभग 1,200 पौधों का रोपण, तथा 15 अगस्त और 2 अक्टूबर को आयोजित रक्तदान शिविर शामिल रहे, जिनमें कुल 400 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

प्री-फेस्ट गतिविधियों के अंतर्गत UNOSQ (Udghosh National Open School Quiz) का भी आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के स्कूली विद्यार्थियों से 2,220 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए। इसके तहत विकास गुप्ता और प्रशांत जैन के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किए गए। 29 अगस्त को आयोजित Aaveg: Marathon for a Cause में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 26–27 सितंबर को सेल फॉर डिफरेंटली एबल्ड पर्सन्स (CDAP), आईआईटी कानपुर और डिपार्टमेंट ऑफ एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद डिसएबिलिटीज (DEPwD) के सहयोग से आयोजित UDAAN 2026 में आईआईटी रुड़की, आईआईटी दिल्ली, डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी फॉर डिव्यांगजन और आईआईटी कानपुर के 130 से अधिक पैरा-एथलीट्स ने कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस और बैडमिंटन में भाग लिया। प्री-फेस्ट गतिविधियों का समापन 4 अक्टूबर को आयोजित साइक्लोथॉन के साथ हुआ, जिसमें भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा फिट इंडिया के सहयोग से 750 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

उद्घोष’26 में खेलों के साथ मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता के नए अनुभव भी देखने को मिलेंगे। आईआईटी कानपुर के ओपन एयर थिएटर (OAT) में फ्रीस्टाइल फुटबॉल शोकेस आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा “Prom”, एक मास्करेड पार्टी, और “Blind Date”, एक स्पीड-डेटिंग गतिविधि, इस वर्ष के नए आकर्षण होंगे। महोत्सव में कॉमेडी नाइट, बैंड नाइट्स, विक्ट्री वाइब्स और बॉलीवुड नाइट सहित अन्य मनोरंजन कार्यक्रम भी जारी रहेंगे। मिस्टर उद्घोष भी महोत्सव के प्रतिस्पर्धात्मक एवं मनोरंजन कार्यक्रम का हिस्सा होगा। तीन दिवसीय महोत्सव का समापन समापन समारोह के साथ होगा, जिसमें खेल उपलब्धियों और पूरे महोत्सव के अनुभवों का उत्सव मनाया जाएगा।

उद्घोष, आईआईटी कानपुर का वार्षिक प्रमुख खेल महोत्सव है, जो युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और खेल भावना प्रदर्शित करने के साथ-साथ देशभर के विभिन्न संस्थानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं आपसी जुड़ाव का अवसर प्रदान करता है।

आईआईटी कानपुर के बारे में

1959 में स्थापित, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। विज्ञान और इंजीनियरिंग शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध, आईआईटी कानपुर ने अनुसंधान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसका 1,050 एकड़ का हरा-भरा परिसर शैक्षणिक और अनुसंधान संसाधनों से समृद्ध है। संस्थान में 20 विभाग, 27 केंद्र, तीन अंतर्विषयी कार्यक्रम और तीन विशेष स्कूल हैं, जो इंजीनियरिंग, विज्ञान, डिजाइन, मानविकी और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को समाहित करते हैं। 570 से अधिक पूर्णकालिक फैकल्टी और 9,500 से अधिक छात्रों के साथ, आईआईटी कानपुर नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास में अग्रणी बना हुआ है।

अधिक जानकारी के लिए विज़िट करें: www.iitk.ac.in